राहुल गांधी से मिले झीरम कांड के पीड़ित परिवार, बोले- पूरा न्याय मिलने तक एक इंच पीछे नहीं हटेंगे

रायपुर। झीरम घाटी नक्सली हमले के पीड़ित परिवारों के प्रतिनिधियों और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। बैठक में झीरम मामले में हुई हालिया न्यायिक कार्रवाई, पीड़ित परिवारों की मांगों और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों से संवाद किया। कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कहा कि “पूरा न्याय मिलने तक हमें एक इंच पीछे नहीं हटना है। हम लड़ेंगे।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
झीरम पीड़ित परिवारों की ओर से उमेश पटेल, अनिता योगेंद्र शर्मा, जितेंद्र मुदलियार, शिव सिंह ठाकुर, छविंद्र कर्मा और मलकीत सिंह गैंदू समेत अन्य प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए।
झीरम मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर चर्चा
बैठक ऐसे समय हुई है जब झीरम घाटी मामले में एनआईए की विशेष अदालत ने सितंबर में 10 आरोपियों को दोषी ठहराने के बाद मृत्युदंड की सजा सुनाई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा का दौर जारी है।
इससे पहले पीड़ित परिवारों के दिल्ली दौरे को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, बैठक में अदालत के हालिया फैसले, आगे की कानूनी प्रक्रिया और परिवारों की मांगों पर चर्चा प्रस्तावित थी।
भूपेश बघेल ने बताई मुलाकात की जानकारी
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुलाकात के बाद कहा कि बैठक में झीरम घटना से जुड़े मुद्दों और आगे की लड़ाई को लेकर चर्चा हुई। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में झीरम शहीदों के परिवारों और घटना के समय मौजूद रहे लोगों से भी संवाद किया।
कांग्रेस की ओर से इस मुलाकात को झीरम मामले में आगे की कानूनी और राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया गया है। वहीं, मामले में अदालत के फैसले के बाद आगे की न्यायिक प्रक्रिया अब महत्वपूर्ण चरण में है।



