दुर्ग जिला अस्पताल की लैब में रील बनाना पड़ा भारी, तीन महिला टेक्नीशियन नौकरी से हटाई गईं

दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में मरीजों के ब्लड सैंपल के बीच रील बनाने का वीडियो सामने आने के बाद तीन महिला टेक्नीशियनों पर कार्रवाई की गई है। जांच और जवाब-तलब की प्रक्रिया के बाद तीनों को सेवा से हटा दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला टेक्नीशियन लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में रील बनाती दिखाई दे रही थीं। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करती नजर आईं, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सी पर बैठकर वीडियो बनाते हुए दिखाई दीं।
वायरल वीडियो के बाद जारी हुआ नोटिस
जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर वीडियो बनाया था। करीब पांच दिन बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम से जवाब मांगा।
नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी। मामले की जांच और जवाब मिलने के बाद संबंधित एजेंसी की ओर से तीनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
लैब की जांच व्यवस्था पर भी उठे सवाल
अस्पताल प्रबंधन ने यह भी जांच शुरू की कि रील बनाने के दौरान लैब की नियमित जांच व्यवस्था प्रभावित हुई थी या नहीं। मरीजों के सैंपल की जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली जगह पर इस तरह वीडियो बनाए जाने को गंभीरता से लिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद लैब प्रभारी को नोटिस दिया गया था। इसके बाद लैब प्रबंधन को संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया, जिसके बाद तीनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
पहले जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवाद हुआ था
अटल आरोग्य लैब इससे पहले एक जांच रिपोर्ट को लेकर भी सवालों के घेरे में आई थी। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताई तो दोबारा जांच कराई गई, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव आई।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका उचित कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।



