जर्जर भवन और बदहाल सुविधाओं के खिलाफ NSUI का प्रदर्शन, एक महीने में समाधान का अल्टीमेटम

रायपुर। शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर NSUI ने मंगलवार को महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज पहुंचकर विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।
स्लैब गिरने से लेकर बिजली बोर्ड तक की शिकायत
NSUI के छात्र नेताओं ने कॉलेज की कई समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने नाराजगी जताई। छात्रों का आरोप है कि महाविद्यालय का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और आए दिन स्लैब गिरने की घटनाएं सामने आती हैं।
इसके अलावा खुले बिजली बोर्ड, परिसर में गंदगी, खराब वाटर कूलर और गिलास, खराब ग्रीन बोर्ड और ID कार्ड व्यवस्था जैसे मुद्दे भी प्रदर्शन के दौरान उठाए गए।
एक महीने में समस्याएं दूर करने का आश्वासन
NSUI पंडित रविशंकर शुक्ला विश्वविद्यालय अध्यक्ष हरिओम तिवारी और जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार के निर्देश पर छात्र नेता उत्कर्ष खिलारी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए एक महीने के भीतर सभी छात्रहित की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।
NSUI ने दी तालाबंदी की चेतावनी
NSUI जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने एक महीने में समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया है, इसलिए तय समयसीमा में हर मांग पर ठोस कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो NSUI चरणबद्ध आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर महाविद्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।

NSUI ने साफ कहा कि यह आंदोलन सिर्फ आश्वासन तक सीमित नहीं रहेगा। जर्जर भवन और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने पर छात्र संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।
सैकड़ों छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला महासचिव सेवा साहू, रविंद्र सिंह, प्रतीक ध्रुव, लोमेश साहू, रितेश बघेल, रेमन सिन्हा, नीरज बंजारे, केशरीनंद साहू, अश्वित गुप्ता, मोहित गायकवाड़, उज्जवल बारले सहित कई छात्र नेता और महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



