Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhDurg

शिक्षा मंत्री के क्षेत्र में Gen Alpha का प्रदर्शन: शिक्षकों की कमी और शौचालय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे छात्र, दुर्ग में दो जगह चक्काजाम

दुर्ग। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के गृह जिले दुर्ग में छात्रों का विरोध प्रदर्शन सामने आया है। धमधा विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल पेन्ड्रावन में शिक्षकों की कमी से परेशान छात्र-छात्राओं ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। वहीं सेलूद के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राएं पर्याप्त शौचालय की मांग को लेकर सड़क पर उतर गए।

पेन्ड्रावन में शिक्षकों की कमी से नाराज छात्र

पेन्ड्रावन के छात्रों का कहना है कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई के लिए स्कूल में सिर्फ 3 शिक्षक और 1 प्राचार्य हैं, जबकि विषयवार करीब 15 शिक्षकों की जरूरत है। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

छात्रों का कहना है कि उन्होंने पहले भी अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी थी। 21 अगस्त को भी चक्काजाम किया गया था, जिसके बाद अधिकारियों ने जल्द व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक सप्ताह बाद भी नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से छात्र फिर सड़क पर उतर गए।

बोले- शिक्षक नहीं मिले तो नहीं हटेंगे

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि स्कूल में जल्द पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे सड़क से नहीं हटेंगे।

छात्रों को समझाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद हैं। एसडीओपी चित्रा वर्मा ने भी छात्रों से बातचीत कर प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

सेलूद में शौचालय की मांग को लेकर प्रदर्शन

इधर सेलूद स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्याप्त शौचालय की सुविधा की मांग को लेकर दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। छात्रों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या सांसद और शिक्षा मंत्री तक पहुंचाई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।

भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना

छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुर्ग में बच्चों को शिक्षा और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है।

बघेल ने सरकार से छात्रों की आवाज सुनने और सिर्फ आश्वासन देने के बजाय उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।

सड़क पर वाहनों की लगी लंबी कतार

दोनों स्थानों पर प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पेन्ड्रावन में चक्काजाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी छात्रों को समझाने में जुटे हैं, लेकिन फिलहाल छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button