‘द वन’ का टीजर रिलीज, सिद्धार्थ मल्होत्रा का दिखा दमदार एक्शन अवतार; 25 सितंबर को होगी रिलीज

मुंबई। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग सुपरनैचुरल हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘द वन’ का टीजर रिलीज हो गया है। करीब 1 मिनट 56 सेकेंड के टीजर में रहस्य, डर और रोमांच के साथ सिद्धार्थ का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिला है। फिल्म का निर्देशन ‘पंचायत’ फेम दीपक कुमार मिश्रा ने किया है।
रहस्यमयी जंगल की कहानी
टीजर की शुरुआत एक रहस्यमयी जंगल से होती है। बताया जाता है कि इस जंगल में रात के समय जाने वाला कोई भी व्यक्ति वापस नहीं लौटता। जंगल पर किसी अनजानी काली शक्ति का पहरा होने की बात कही जाती है।
कहानी में सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार इसी रहस्यमयी जंगल में पहुंचता है। इसके बाद उसके साथ कई अजीब और रहस्यमयी घटनाएं होने लगती हैं। टीजर से संकेत मिलता है कि सिद्धार्थ के किरदार का इस जंगल से कोई गहरा कनेक्शन हो सकता है।
सिद्धार्थ का एक्शन अवतार
टीजर में सिद्धार्थ मल्होत्रा का एक्शन पैक्ड अंदाज देखने को मिलता है। हॉरर और सुपरनैचुरल कहानी के बीच उनके किरदार के कई एक्शन सीन भी नजर आते हैं।
वहीं, तमन्ना भाटिया की भी टीजर में झलक दिखाई गई है। उनका किरदार सिद्धार्थ से कहता है कि शायद उनका उस जंगल के साथ कोई खास संबंध है। टीजर के अंत में सिद्धार्थ का डायलॉग भी कहानी को और रहस्यमयी बना देता है।
पहली बार साथ नजर आएंगे सिद्धार्थ-तमन्ना
‘द वन’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण बालाजी टेलीफिल्म्स और TVF ने मिलकर किया है।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक
‘द वन’ पहले 28 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज डेट बदलकर 25 सितंबर 2026 कर दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 26 अगस्त को यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज होने वाली थी, जिसके चलते संभावित क्लैश से बचने के लिए ‘द वन’ की रिलीज आगे बढ़ाई गई।
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद सिद्धार्थ और तमन्ना की इस नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।



