ChhattisgarhRaipur

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को मिले 60 नए उप निरीक्षक, विभिन्न थानों में शुरू होगा फील्ड प्रशिक्षण

रायपुर: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को 60 नए उप निरीक्षक (एसआई) मिले हैं। बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद इन सभी अधिकारियों को अब राजधानी के विभिन्न थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए तैनात किया गया है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने आदेश जारी कर पदस्थापना सूची भी जारी कर दी है।

15 सितंबर तक चलेगा फील्ड प्रशिक्षण

जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षु उप निरीक्षक 1 जून 2026 से 15 सितंबर 2026 तक फील्ड प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इस दौरान उन्हें बीट व्यवस्था, संतरी ड्यूटी, रात्रि गश्त, सिटी पेट्रोलिंग, मुल्जिम पेशी, मालखाना प्रबंधन, न्यायालयीन कार्य, थाना रिकॉर्ड संधारण और अन्य पुलिसिंग प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

इन थानों में हुई सबसे अधिक तैनाती

पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर और राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी के निर्देश पर प्रशिक्षु अधिकारियों को विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है। खम्हारडीह, खमतराई, कबीर नगर, गोलबाजार, मौदहापारा, कोतवाली, सिविल लाइन, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज थानों में तीन-तीन उप निरीक्षकों की तैनाती की गई है।

वहीं गुढ़ियारी, मुजगहन, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थानों में दो-दो प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है।

सीखेंगे पुलिसिंग की व्यवहारिक बारीकियां

प्रशिक्षण के दौरान नए उप निरीक्षकों को अनुभवी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। उन्हें अपराध अनुसंधान, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, शिकायतों के निराकरण, विवेचना प्रक्रिया और फील्ड पुलिसिंग की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।

पुलिस बल को मिलेगी मजबूती

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण नए उप निरीक्षकों के करियर का महत्वपूर्ण चरण है। इससे उन्हें अकादमी में प्राप्त ज्ञान को जमीनी स्तर पर लागू करने का अनुभव मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये अधिकारी प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button