Follow Us on Our Social Media
Entertainment

रजा मुराद ने संजय लीला भंसाली के गुस्से पर किया खुलासा, बोले- बड़े स्टार्स पर भी चिल्लाते देखा है

फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली अपने काम में बारीकी और परफेक्शन के लिए जाने जाते हैं। उनके सेट पर गुस्सा करने की खबरें भी अक्सर सामने आती रही हैं। अब दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने भंसाली के काम करने के तरीके और उनके गुस्से को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने भंसाली की तुलना दिग्गज फिल्ममेकर राज कपूर से करते हुए दोनों को परफेक्शनिस्ट बताया।

विक्की लालवानी के साथ बातचीत में रजा मुराद ने उन खबरों पर प्रतिक्रिया दी, जिनमें संजय लीला भंसाली को मूडी बताया जाता है और कहा जाता है कि वह सेट पर टेक्नीशियंस या असिस्टेंट्स पर गुस्सा करते हैं। रजा ने कहा कि भंसाली शुरुआत से ही गुस्से में रहने वाले इंसान नहीं हैं, बल्कि उनका गुस्सा काम से जुड़ा होता है।

‘मैंने उन्हें बड़े स्टार्स पर भी चिल्लाते देखा है’

रजा मुराद ने बताया कि जब भंसाली अपनी बात बार-बार समझाने के बावजूद सामने वाले को समझा नहीं पाते या काम उनकी अपेक्षा के मुताबिक नहीं होता, तब उनका गुस्सा सामने आता है। उन्होंने कहा कि भंसाली सिर्फ अपने असिस्टेंट्स पर ही गुस्सा नहीं करते।

रजा मुराद के मुताबिक, उन्होंने संजय लीला भंसाली को रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जैसे बड़े कलाकारों पर भी गुस्सा करते देखा है। उन्होंने कहा कि भंसाली चाहते हैं कि काम बिल्कुल उसी तरह हो, जैसा उन्होंने अपने दिमाग में सोचा है।

राज कपूर से की भंसाली की तुलना

रजा मुराद ने संजय लीला भंसाली की तुलना राज कपूर से करते हुए कहा कि दोनों ही अपने काम को लेकर बेहद परफेक्शनिस्ट थे। उनके मुताबिक, दोनों फिल्ममेकर्स के लिए काम की गुणवत्ता सबसे ज्यादा मायने रखती थी।

उन्होंने कहा कि जब ऐसे फिल्ममेकर सेट पर होते हैं तो उनका पूरा ध्यान काम पर होता है। शूटिंग में अगर तय समय से ज्यादा दिन लग जाएं, तो भी वे अपने काम से समझौता नहीं करते। रजा ने बताया कि उनके साथ भंसाली के सेट पर ऐसा अनुभव दो बार हो चुका है।

दोनों फिल्ममेकर्स के साथ काम कर चुके हैं रजा मुराद

रजा मुराद का फिल्मी करियर पांच दशक से भी ज्यादा लंबा है। वह कई फिल्मों में सपोर्टिंग और विलेन के किरदार निभा चुके हैं। उन्होंने राज कपूर के साथ ‘प्रेम रोग’ (1982), ‘राम तेरी गंगा मैली’ (1985) और ‘हिना’ (1991) में काम किया है।

वहीं, संजय लीला भंसाली के साथ उन्होंने ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ (2013), ‘बाजीराव मस्तानी’ (2015), ‘पद्मावत’ (2018) और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ (2022) में काम किया है। इन फिल्मों में रजा मुराद के अभिनय को भी दर्शकों ने पसंद किया था।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button