बिग बॉस 20 में रीति तिवारी पर भड़के सलमान खान, विवादित टिप्पणी को लेकर लगाई फटकार

बिग बॉस 20 के आने वाले वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान घर के कई सदस्यों के व्यवहार पर नाराजगी जताते नजर आएंगे। रीति तिवारी की काजी और उदिती को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर सलमान ने उन्हें फटकार लगाई। प्रोमो में सलमान रीति के व्यवहार को लेकर सवाल करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उन्होंने आसिफ को भी इस मामले में अपनी भूमिका को लेकर खरी-खोटी सुनाई।
रीति तिवारी की टिप्पणी पर सलमान ने जताई नाराजगी
प्रोमो में सलमान खान रीति तिवारी से कहते नजर आए कि किसी का अपमान करने की भी एक सीमा होती है। रीति ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनका वैसा कहने का मतलब नहीं था, लेकिन सलमान उनकी सफाई से सहमत नहीं दिखे। उन्होंने घर के अन्य सदस्यों से भी सवाल किया कि क्या उन्हें नहीं लगा कि रीति ने अपमान की सीमा पार कर दी थी।
रीति ने सलमान के सामने कहा कि वह काजी से जलती नहीं हैं और उन्हें काजी पसंद नहीं हैं। इस पर सलमान ने उनके व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह की बातों को लेकर गर्व महसूस करना उचित नहीं है।
आसिफ को भी सलमान ने लगाई फटकार
सलमान खान ने इस मामले में आसिफ से भी सवाल किया। उन्होंने कहा कि घर के सदस्य एक-दूसरे के व्यवहार को बढ़ावा दे रहे थे और उन्हें इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर इसी तरह की टिप्पणी उनके परिवार के किसी सदस्य के खिलाफ की जाती तो उनकी प्रतिक्रिया क्या होती।
सलमान की नाराजगी के बाद रीति शांत नजर आईं। वहीं आसिफ और घर के अन्य सदस्य भी चुप दिखाई दिए। वीकेंड का वार में इस पूरे विवाद को लेकर सलमान का रुख और घरवालों की प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी।



