International

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में फिर गोलीबारी, पर्यटकों में दहशत; संदिग्ध गिरफ्तार

दिल्ली। अमेरिका के सबसे व्यस्त और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर (Times Square) में एक बार फिर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। गुरुवार दोपहर अचानक हुई फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में मौजूद पर्यटक और स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोलियों की आवाज सुनते ही पूरे क्षेत्र में भगदड़ जैसे हालात बन गए। फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) ने बताया कि यह घटना स्थानीय समयानुसार करीब 3:40 बजे हुई, जब टाइम्स स्क्वायर (Times Square) पर भारी भीड़ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि उस समय कुछ ही देर पहले एक बड़े सार्वजनिक आयोजन और परेड के कारण इलाके में अतिरिक्त भीड़ जमा थी। सुरक्षा के लिए हजारों पुलिसकर्मी भी तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही गोली चली, लोग घबराकर भागने लगे और आसपास मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए। बताया जा रहा है कि फायरिंग पुलिस वाहन से कुछ ही दूरी पर हुई, जिसके बाद संदिग्ध का पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और मामले में पूछताछ जारी है। अभी तक हमलावर के मकसद का खुलासा नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों में टाइम्स स्क्वायर (Times Square) में यह दूसरी गोलीबारी की घटना है। इससे पहले भी इसी इलाके में फायरिंग हुई थी, जिसमें एक किशोर घायल हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने न्यूयॉर्क जैसे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पर्यटकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button