अनशन के 24वें दिन भी अड़े सोनम वांगचुक, डॉक्टरों की सलाह के बावजूद फ्लूड और ग्लूकोज लेने से किया इनकार

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी जारी है। भूख हड़ताल के 24वें दिन जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, डॉक्टरों की सलाह के बावजूद उन्होंने फ्लूड और ग्लूकोज लेने से इनकार कर दिया है। फिलहाल उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतक स्थिर हैं, लेकिन ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से कम बना हुआ है।
अस्पताल की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हालिया ब्लड टेस्ट में उनका पोटैशियम स्तर 3.2 mEq पाया गया है, जो सामान्य से कम है। इसके साथ ही उन्हें पैनसाइटोपेनिया की समस्या भी बनी हुई है, जिसमें रक्त की सभी प्रमुख कोशिकाओं की संख्या कम हो जाती है। डॉक्टर उन्हें ओआरएस और पोटैशियम की दवाएं दे रहे हैं, लेकिन वे बार-बार समझाने के बावजूद आईवी फ्लूड और ग्लूकोज लेने के लिए तैयार नहीं हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि लंबे समय से जारी उपवास के कारण उनके शरीर पर लगातार दबाव बना हुआ है। शरीर में पानी की कमी और असामान्य ब्लड रिपोर्ट को देखते हुए उनकी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी नई चिकित्सीय जटिलता का समय रहते पता लगाया जा सके।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सीय देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आगे के उपचार और चिकित्सा संबंधी निर्णय उनकी स्वास्थ्य स्थिति और जांच रिपोर्ट के आधार पर लिए जाएंगे।

