एनडीए बैठक में पीएम मोदी का संदेश, बोले- NEET पेपर लीक के दोषियों को मिले कड़ी सजा

संसद के मानसून सत्र के दौरान आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट पेपर लीक मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित बनाने पर जोर दिया।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि सरकार छात्रों के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने निर्देश दिए कि पेपर लीक के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत एवं फुलप्रूफ व्यवस्था तैयार की जाए।
रिजिजू ने बताया कि अब तक नीट पेपर लीक मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। परीक्षा दोबारा आयोजित कराई गई और परिणाम भी समय पर घोषित किए गए। प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर किसी भी तरह की दलगत राजनीति से बचने की सलाह देते हुए कहा कि यह पूरे देश और लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
बैठक में मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) सहित अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों की पूरी सुरक्षा की जाएगी और किसी भी निर्णय से उनके हित प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे।
इस बीच, नीट पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। हाल ही में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए। प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार की ओर से इन मांगों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

