National

पश्चिम बंगाल में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, संदेशखाली और बसंती से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों के कई इलाकों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ ने बसीरहाट पुलिस जिला और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदेशखाली, बसंती और कुमराखाली के सरबेरिया बाजार क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई ठिकानों से अवैध बंदूकें, पिस्तौल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इनके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का उपयोग क्षेत्र में अशांति फैलाने और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

इस कार्रवाई पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस और एसटीएफ टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद जब्त किए गए हैं, जो कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी, एसटीएफ और बसीरहाट पुलिस जिला के अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई और समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार पश्चिम बंगाल में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक माहौल स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा राज्य के किसी भी हिस्से में अवैध हथियारों और राजनीतिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button