Follow Us on Our Social Media
National

कांग्रेस नेत्री के पिता के घर चोरी: 3 नकाबपोश बदमाश कैश-गहने लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

दिल्ली। कांग्रेस नेता और ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा (Congress) के पिता के घर चोरी का मामला सामने आया है। पश्चिमी दिल्ली के टैगोर गार्डन स्थित सी-ब्लॉक में रविवार तड़के तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और नकदी व गहने चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना के वक्त अलका लांबा के 88 वर्षीय पिता घर में मौजूद थे और सुरक्षित हैं।

10 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

अलका लांबा (Congress)  ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि तीन नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हुए और करीब 10 मिनट तक अंदर रहने के बाद सामान लेकर बाहर निकले। इसके बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज में बदमाश घर में दाखिल होते और वारदात के बाद बाइक से भागते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच का अहम आधार बनाया है।

PCR कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, चोरी की सूचना को लेकर रविवार सुबह 10:23 बजे PCR कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम टैगोर गार्डन स्थित घर पहुंची। प्रारंभिक जांच में घर से नकदी और गहने चोरी होने की बात सामने आई।

मामले में कंचन चड्ढा की शिकायत पर राजौरी गार्डन थाने में FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब घर के अलावा आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

अलका लांबा ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

अलका लांबा (Congress)  ने दिल्ली में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की गंभीरता से जांच करे तो आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि वारदात से जुड़ा पहला सुराग पुलिस को सौंप दिया गया है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, चोरी की फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button