वियतनाम में नाव हादसे का दर्दनाक अंत: इंसेंटिव ट्रिप पर गए लावा से जुड़े 15 भारतीयों की मौत

वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों से भरी एक नाव पलटने से 15 भारतीयों की मौत हो गई। मृतकों में लावा मोबाइल्स से जुड़े 14 डीलर एवं डिस्ट्रीब्यूटर और कंपनी का एक कर्मचारी शामिल था। कंपनी के अनुसार, बेहतर प्रदर्शन करने वाले चैनल पार्टनर्स के लिए यह यात्रा इंसेंटिव ट्रिप के रूप में आयोजित की गई थी, लेकिन यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।
भारतीय दूतावास की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक मृतकों में 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के निवासी थे। हादसे में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। आंध्र प्रदेश की गेल्ली जयश्री के पति, जो उसी नाव में सवार थे, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
लावा मोबाइल्स ने आधिकारिक बयान जारी कर घटना पर गहरा दुख जताया है। कंपनी ने कहा कि वह वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। मृतकों के पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की प्रक्रिया जारी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
हादसे में जीवित बचे एक यात्री ने बताया कि नाव समुद्र में लगभग दो किलोमीटर आगे बढ़ी थी, तभी अचानक एक बड़ी लहर आई, जिससे नाव एक ओर झुक गई। यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और कुछ ही क्षणों में नाव पलट गई। कई लोगों ने किसी तरह खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि कई यात्री समुद्र में डूब गए।
इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय नागरिकों की इस दुर्घटना से वे बेहद दुखी हैं। वहीं राहुल गांधी ने इसे अत्यंत पीड़ादायक घटना बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

