Follow Us on Our Social Media
National

दिल्ली की मंडी रोड बनेगी राष्ट्रीय राजमार्ग? CM रेखा गुप्ता ने गडकरी को भेजा बड़ा प्रस्ताव

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की एक अहम सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) का दर्जा दिलाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दक्षिण दिल्ली की करीब 8.8 किलोमीटर लंबी मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का प्रस्ताव भेजा है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि इस सड़क के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपी जाए। यदि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

8.8 किलोमीटर लंबी मंडी रोड को नेशनल हाईवे बनाने की मांग

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में कहा है कि मंडी रोड राजधानी और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाना जरूरी है। उनका कहना है कि NHAI के जिम्मा मिलने से सड़क का निर्माण, चौड़ीकरण और रखरखाव अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।

दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच सफर होगा आसान

मंडी रोड, छतरपुर मेट्रो स्टेशन केपास NH-148A को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित गुरुग्राम-फरीदाबादरोड से जोड़ती है। इस मार्ग से हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं। बढ़ते ट्रैफिक के कारण लोगों को अक्सर जाम और लंबी देरी का सामना करना पड़ता है।

सरकार का मानना है कि अगर इस सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलता है और इसका विस्तार किया जाता है, तो दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा। इससे यात्रा का समय घटेगा, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।

NHAI को जिम्मेदारी मिलने से तेज होंगे विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव में यह भी कहा है कि मंडी रोड का विकास NHAI के जरिए कराया जाए। इससे सड़क निर्माण और चौड़ीकरण राष्ट्रीय स्तर के इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार होगा। साथ ही परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी होने की संभावना भी बढ़ जाएगी। सरकार का मानना है कि भविष्य में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए इस सड़क का आधुनिक और योजनाबद्ध विकास बेहद जरूरी है।

पहले भी मिल चुका है परियोजना को समर्थन

यह पहली बार नहीं है जब मंडी रोड के चौड़ीकरण की बात उठी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 27 सितंबर 2023 को हुई UTTIPEC की 68वीं बैठक में भी इस परियोजना को समर्थन मिल चुका था। अब दिल्ली सरकार चाहती है कि इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर विकास कार्यों को और गति दी जाए, ताकि लंबे समय से लंबित इस योजना को जल्द जमीन पर उतारा जा सके।

दिल्ली के विकास के लिए सही समय” – रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्र और दिल्ली में एक ही सरकार होने के कारण विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजधानी को बेहतर सड़कें, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलने से पूरे दिल्ली-एनसीआर के विकास को नई गति मिलेगी।

इस दौरान उन्होंने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो सकीं। वहीं, उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

अब सभी की नजर केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी है। यदि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देता है, तो मंडी रोड की पहचान केवल एक स्थानीय सड़क तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह दिल्ली-एनसीआर की प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं में शामिल हो सकती है। इससे लाखों यात्रियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button