बिना टिकट यात्रा पर रेलवे सख्त, अब देना होगा किराया और न्यूनतम 500 रुपये जुर्माना
नए प्रावधान लागू, स्टेशनों पर यात्रियों को दी जा रही जानकारी

नई दिल्ली। रेलवे(Railway) ने टिकट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और अनुशासित बनाने के लिए नियमों को और कड़ा कर दिया है। नए प्रावधानों के लागू होने के बाद बिना वैध टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ऐसे मामलों में यात्री से यात्रा का पूरा किराया वसूला जाएगा और इसके साथ न्यूनतम 500 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जाएगा।
पुरानी टिकट का दोबारा इस्तेमाल करने पर अब लगेगा आर्थिक दंड
रेलवे(Railway) ने केवल बिना टिकट यात्रा ही नहीं, बल्कि टिकट के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन को भी गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। किसी पुरानी टिकट का दोबारा इस्तेमाल करने या गलत तरीके से यात्रा करने के मामलों में भी यात्रियों पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इसके लिए जांच व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में निगरानी बढ़ाई गई है।
यात्री अगर जुर्माना भरने से करता है मना तो होगी कानूनी कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, यदि कोई यात्री निर्धारित जुर्माना या किराया जमा करने से इनकार करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों को न्यायालय तक भी ले जाया जा सकेगा। रेलवे का मानना है कि इस कदम से नियमों के पालन को बढ़ावा मिलेगा और अनियमितताओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
हाल ही में लागू किए गए इन प्रावधानों के बारे में यात्रियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न रेलवे(Railway) स्टेशनों पर उद्घोषणाएं भी कराई जा रही हैं। रेलवे का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य सुरक्षित, व्यवस्थित और जवाबदेह यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

