Entertainment

‘स्पिरिट’ में नहीं दिखेंगी कैटरीना कैफ, कैमियो की खबर निकली अफवाह

अभिनेत्री कैटरीना कैफ फिलहाल प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’ का हिस्सा नहीं हैं। पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि वह निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की इस फिल्म में कैमियो करती नजर आएंगी। हालांकि, अब एक नई रिपोर्ट में इन सभी दावों को पूरी तरह गलत बताया गया है।

कैटरीना कैफ साल 2024 में रिलीज हुई ‘मेरी क्रिसमस’ के बाद से बड़े पर्दे से दूर हैं। ऐसे में उनके फैंस उनकी अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच खबरें आई थीं कि वह प्रभास स्टारर ‘स्पिरिट’ में कैमियो के लिए मेकर्स से बातचीत कर रही हैं, लेकिन अब इन अटकलों पर विराम लग गया है।

रिपोर्ट में दावों को बताया गया गलत

एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि कैटरीना कैफ ‘स्पिरिट’ का हिस्सा नहीं हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके फिल्म में शामिल होने की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं और बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के फैलाई गई हैं। सूत्रों के अनुसार, कैटरीना की भविष्य की फिल्मों को लेकर चल रही इन चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है।

शुरुआत से चर्चा में रही है ‘स्पिरिट’

संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ शुरुआत से ही लगातार सुर्खियों में रही है। पहले खबर आई थी कि मतभेदों के चलते दीपिका पादुकोण फिल्म से बाहर हो गईं। इसके बाद करीना कपूर खान और सैफ अली खान के फिल्म में शामिल होने की चर्चा भी हुई, लेकिन ये खबरें भी गलत साबित हुईं।

कब रिलीज होगी फिल्म?

दीपिका पादुकोण के बाहर होने के बाद फिल्म में तृप्ति डिमरी की एंट्री हुई, जिसका आधिकारिक ऐलान भी किया जा चुका है। ‘एनिमल’ के बाद यह संदीप रेड्डी वांगा और तृप्ति डिमरी की दूसरी फिल्म होगी। फिल्म में प्रभास, तृप्ति डिमरी और विवेक ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘स्पिरिट’ 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button