छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस करेगी आंदोलन
45 लाख उपभोक्ताओं को तीन गुना बिल का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस(Congress) ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार बनने के बाद अब तक बिजली दरों में लगभग 31 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो चुकी है, जिससे घरेलू, व्यावसायिक और कृषि उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
31.23 प्रतिशत तक बिजली दर बढ़ने का दावा
कांग्रेस(Congress) के अनुसार हाल ही में बिजली दरों में यूनिट के हिसाब से 30 से 50 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि कृषि पंप कनेक्शन पर भी दरें बढ़ाई गई हैं। इसके अलावा 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार लगाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पार्टी का कहना है कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं पर सीधा आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
45 लाख उपभोक्ताओं को तीन गुना बिल का आरोप
कांग्रेस(Congress) ने यह भी दावा किया है कि प्रदेश में करीब 45 लाख उपभोक्ताओं को इस महीने औसतन तीन गुना तक बिजली बिल प्राप्त हुआ है। स्मार्ट मीटर को लेकर पार्टी का आरोप है कि इससे खपत अधिक दिखाई जा रही है, जिसके कारण बिल अचानक बढ़ रहे हैं।
इसके अलावा बिना उपभोक्ता सहमति के अनुबंध भार बढ़ाने और ऑनलाइन-ऑफलाइन बिल में अंतर जैसी शिकायतों को भी गंभीर मुद्दा बताया गया है। इन सभी आरोपों को लेकर कांग्रेस ने 17 जून से पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है, जिसमें बिजली दफ्तरों का घेराव किया जाएगा।

