बिलासपुर जनदर्शन में पहुंचीं जैतपुर की महिलाएं, शौचालय नहीं होने से खुले में शौच की बताई मजबूरी
ग्रामीण महिलाओं की शिकायत पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जांच के दिए निर्देश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत जैतपुर गांव की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्टर जनदर्शन(Jan-Darshan) में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें अब तक शासन की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, जिसके कारण वे मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित हैं। ग्रामीण महिलाओं ने शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना और भूमिहीन योजना का लाभ दिलाने की मांग करते हुए कलेक्टर को आवेदन सौंपा।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को आवेदन करने के बावजूद अभीतक नहीं मिला सरकारी योजना का लाभ
कलेक्टर जनदर्शन(Jan-Darshan) में पहुंची एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं और लंबे समय से विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करती आ रही हैं, लेकिन आज तक उन्हें किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला। महिलाओं का कहना है कि गांव में उनके घरों में शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया है, जिसके चलते उन्हें आज भी खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। बारिश और रात के समय यह स्थिति महिलाओं और बच्चों के लिए अधिक परेशानी और असुरक्षा का कारण बनती है।
ग्रामीण महिला सुमित्रा केवट ने बताया कि उनके पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है और वे परिवार के साथ खपरैल के कच्चे मकान में जीवन यापन कर रही हैं। उनका आरोप है कि पात्र होने के बावजूद उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। वहीं कई महिलाओं ने भूमिहीन योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी प्रशासन से की।
महिलाओं ने आवेदनों की जल्द जांच कर शौचालय निर्माण की करी मांग
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि उनके आवेदनों की जांच कर जल्द से जल्द शौचालय निर्माण कराया जाए, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराया जाए और भूमिहीन परिवारों को भी शासन की योजना का लाभ दिया जाए।
मामले पर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि कलेक्टर जनदर्शन(Jan-Darshan) में महिलाओं की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि मांग के अनुसार शौचालय निर्माण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
एक ओर सरकार हर घर शौचालय और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं जैतपुर गांव की महिलाओं की शिकायतें जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई सवाल खड़े कर रही हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि उनकी समस्याओं का समाधान कितनी जल्द किया जाता है।

