Chhattisgarh

बाउंसर की हत्या: आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला सिर, प्रेम प्रसंग के शक में वारदात

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। कोटा थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पत्नी से कथित संबंधों के शक में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान निखिल की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था। गुरुवार रात वह अपने दो दोस्तों के साथ अमने मोड़ के पास बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान तीन-चार युवक बाइक से वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, निखिल ने उनमें से एक युवक को पहचानकर आवाज लगाई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

अचानक हमला किया आरोपियों ने

आरोप है कि भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने अचानक निखिल पर हमला कर दिया। पहले उसकी आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका गया। हमले से निखिल संभल भी नहीं पाया था कि आरोपियों ने पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल निखिल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह और कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।

परिजनों ने विवाद की बात स्वीकारी

पुलिस पूछताछ में मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। फिलहाल कोटा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button