Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

रायपुर में कार के बोनट पर चढ़ा युवक, 200 मीटर बाद सड़क पर गिरकर मौत; गर्लफ्रेंड के दोस्त पर केस, 3 दिन से फरार

रायपुर में गर्लफ्रेंड को रोकने की कोशिश कर रहे एक युवक की कार से गिरने के बाद मौत हो गई। विवाद के दौरान युवक कार के बोनट पर चढ़ गया था। आरोप है कि कार चला रहे युवक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। करीब 200 मीटर तक कार चलने के बाद युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के तीन दिन बाद भी कार चालक भरत मंगनानी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गर्लफ्रेंड को दोस्त के साथ देखकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर परमप्रीत सिंह महोबा बाजार से एम्स की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने अपनी गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखा। दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के अनुसार, परमप्रीत और युवती करीब 3 से 4 साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत भी चल रही थी। युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी और परमप्रीत ने उसे खुद लेने की बात कही थी। युवती दोस्त भरत के साथ दुर्ग से रायपुर पहुंची थी।

कार के बोनट पर चढ़ा युवक, आगे बढ़ा दी गाड़ी

विवाद के बाद युवती भरत के साथ जाने लगी। इससे नाराज परमप्रीत ने दोनों से बहस की और भरत की कार में टक्कर मार दी। कार रुकने के बाद परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती से नीचे उतरने के लिए कहने लगा।

आरोप है कि इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही और इसी दौरान परमप्रीत नीचे गिर गया। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस ने कार चला रहे भरत मंगनानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Mahi Rajput

Content Writer (News) – 2.5 Years of Experience- Experienced in writing and editing news articles for digital news portals. - Skilled in writing breaking news, feature stories, and informative web content. - Strong fact-checking, research, and editing skills. - Able to meet daily publishing deadlines and produce high-quality content consistently.Social Media Management – 6 Months of Experience- Managed social media accounts and scheduled content. - Created engaging captions and post copies. - Planned and maintained content calendars. - Monitored audience engagement and responded to queries. - Coordinated with the content team to ensure consistent brand communication.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button