AI करेगा टिकट कन्फर्मेशन का अनुमान, रेलवे ला रहा नया सिस्टम
भारतीय रेलवे का नया रिजर्वेशन सिस्टम अगस्त 2026 से लागू

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे(Railway) अगस्त 2026 से अपने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को पूरी तरह नए AI-आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने जा रहा है। इस बड़े तकनीकी बदलाव का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक तेज, सरल और आधुनिक बनाना है।
डिजिटल बुकिंग के भारी लोड के कारण लाया बदलाव
रेलवे(Railway) का मौजूदा रिजर्वेशन सिस्टम वर्ष 1986 में तैयार किया गया था, जिसे समय-समय पर अपग्रेड किया गया, लेकिन लगातार बढ़ती यात्रियों की संख्या और डिजिटल बुकिंग के भारी लोड के चलते अब एक नए सिस्टम की जरूरत महसूस की जा रही थी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड होगी टिकट कन्फर्मेशन प्रेडिक्शन सुविधा
नए सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित टिकट कन्फर्मेशन प्रेडिक्शन की सुविधा होगी। इसके जरिए यात्रियों को यह अनुमान लगाने में मदद मिलेगी कि उनकी वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की कितनी संभावना है, जिससे यात्रा योजना बनाना अधिक आसान हो जाएगा।
इसके अलावा सिस्टम को हाई-कैपेसिटी सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर पर तैयार किया जा रहा है, जिससे पीक टाइम में भी वेबसाइट और ऐप पर लोड कम रहेगा और बुकिंग प्रक्रिया बाधित नहीं होगी।
भारतीय रेलवे(Railway) ने वर्ष 2002 में ऑनलाइन टिकट बुकिंग की शुरुआत की थी और वर्तमान में लगभग 88 प्रतिशत टिकट डिजिटल माध्यम से बुक किए जा रहे हैं। बढ़ते डिजिटल ट्रैफिक को देखते हुए यह नया प्लेटफॉर्म स्केलेबल और फ्यूचर-रेडी तकनीक पर आधारित होगा।
नए सिस्टम में टिकट सर्च, सीट उपलब्धता और बुकिंग प्रोसेस को पहले से ज्यादा तेज और आसान बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव मिल सके।
रेल मंत्रालय के निर्देश के अनुसार इस अपग्रेड को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि सिस्टम बदलाव के दौरान यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

