Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन की चैंपियन बनी मैनपाट टाइटंस, फाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराया

रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में मैनपाट का शानदार प्रदर्शन; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने विजेता टीम को सौंपी ट्रॉफी

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन को अपना चैंपियन मिल गया है। मैनपाट टाइटंस ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही मैनपाट टाइटंस ने लीग के पहले ही सीजन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। हालांकि, मैनपाट टाइटंस ने अहम मौकों पर गोल दागकर मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी और जीत दर्ज की।

आखिरी क्वार्टर में मोहित के दो गोल, मैनपाट ने पलटा मैच

फाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में अभिषेक यादव के पेनल्टी कॉर्नर गोल की मदद से बढ़त बनाई। दूसरे क्वार्टर के 13वें मिनट में मैनपाट के प्रहलाद ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

तीसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में संदीप ठाकुर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैनपाट को बढ़त दिलाई। हालांकि, 11वें मिनट में संस्कारधानी के सारिक अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर फिर 2-2 कर दिया।

इसके बाद आखिरी क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने आक्रामक खेल दिखाया। तीसरे मिनट में मोहित नायक ने फील्ड गोल कर टीम को 3-2 से आगे कर दिया। मैच समाप्त होने से एक मिनट पहले मोहित ने एक और गोल दागकर टीम की जीत पक्की कर दी। इस तरह मैनपाट ने 4-2 से मुकाबला जीत लिया। मोहित नायक ने अंतिम क्वार्टर में दो गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री और केंद्रीय खेल मंत्री ने सौंपी ट्रॉफी

फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने विजेता मैनपाट टाइटंस और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को ट्रॉफी प्रदान की। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल और युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

22 अक्टूबर से शुरू हुई थी छत्तीसगढ़ हॉकी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से 22 अक्टूबर से रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया था। प्रतियोगिता में प्रदेश की छह टीमों ने हिस्सा लिया।

लीग चरण के बाद न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस ने 11-11 अंकों के साथ शीर्ष दो स्थान हासिल किए थे, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही थी।

सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अंक तालिका की शीर्ष टीम न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, मैनपाट टाइटंस ने दूसरे सेमीफाइनल में बैलाडीला बुल्स को 3-1 से शिकस्त दी।

फाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को हराकर मैनपाट टाइटंस ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button