SSB जवान ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, रातभर शव के पास सोता रहा; बच्चों ने मामा को बताया तो खुला राज

दिल्ली। ग्वालियर में करवा चौथ मनाने जम्मू-कश्मीर से छुट्टी लेकर आए SSB के एक जवान ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के समय घर में मौजूद 14 साल का बेटा और 12 साल की बेटी पूरी घटना के गवाह बने। आरोप है कि जवान ने पत्नी की छाती पर पैर रखकर उसका गला दबाया। हत्या के बाद वह रातभर पत्नी के शव के पास ही सोता रहा। अगले दिन सुबह शव कार में रखकर अपने पुश्तैनी गांव भिंड ले गया और ससुराल वालों को हार्ट अटैक से मौत होने की कहानी सुना दी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतका की 12 साल की बेटी ने चुपके से अपने मामा को पिता की करतूत बता दी। महिला के शरीर पर चोटों के निशान देखकर मायके पक्ष को भी शक हुआ। परिजनों के सवाल करने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया। बेटी को भी किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बावजूद बेटी ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना बता दी। मामला सामने आने के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया।
पिता को भिंड छोड़ने की बात पर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्ञान सिंह भिंड जिले के छौंदा गांव का रहने वाला है। वह सशस्त्र सीमा बल (SSB) में सिपाही के पद पर तैनात है। उसकी पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है। 27 अक्टूबर को वह करवा चौथ मनाने छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। यहां वह मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी इलाके में किराए के मकान में पत्नी रिंकी जाटव और बच्चों के साथ रहता था।
रविवार को ज्ञान सिंह के पिता इलाज कराने भिंड से ग्वालियर आए थे। इलाज के बाद पत्नी रिंकी ने अपने ससुर को वापस भिंड छोड़ने के लिए कहा। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद ज्ञान सिंह अपने पिता को भिंड छोड़ने चला गया। रात में जब वह घर लौटा तो रिंकी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी।
इस बात पर ज्ञान सिंह को शक हुआ। उसने पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद होने लगा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
बच्चों के सामने जमीन पर पटका, छाती पर पैर रखकर दबाया गला
आरोप है कि गुस्से में ज्ञान सिंह ने रिंकी को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उसकी छाती पर पैर रखकर गला घोंट दिया। उस समय घर में उनका 14 साल का बेटा दीपू और 12 साल की बेटी प्रियांशी मौजूद थे। दोनों ने अपनी मां को पिता के हाथों दम तोड़ते देखा।
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को बेडरूम में रखा। हैरानी की बात यह है कि वह रातभर उसी कमरे में पत्नी के शव के पास सोता रहा। उसने न तो किसी को घटना की जानकारी दी और न ही पुलिस को इसकी सूचना दी।
सुबह कार में शव रखकर गांव पहुंचा, हार्ट अटैक की कहानी बनाई
सोमवार सुबह करीब 6 बजे ज्ञान सिंह ने पत्नी का शव कार में रखा और अपने पुश्तैनी गांव छौंदा पहुंच गया। वहां पहुंचकर उसने पत्नी के मायके भीरमपुरा में रहने वाले साले सचिन जाटव को फोन किया। उसने बताया कि रिंकी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
सूचना मिलने पर रिंकी के मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे। वहां उन्होंने महिला के शरीर को देखा तो कई जगह चोट के निशान नजर आए। पैरों और घुटनों पर भी गंभीर चोटें थीं। इन निशानों को देखकर परिजनों को उसकी मौत सामान्य नहीं लगी। उन्होंने ज्ञान सिंह से घटना के बारे में सवाल किए।
इस पर आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल निकालकर ससुराल पक्ष के लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। उसके इस व्यवहार से परिजनों का शक और गहरा गया।
बेटी ने मामा को चुपके से बताई हत्या की पूरी कहानी
आरोप है कि ज्ञान सिंह ने अपनी 12 साल की बेटी प्रियांशी को भी धमकाया था। उसने कहा था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो उसे भी जान से मार देगा। पिता की धमकी के बावजूद बेटी ने हिम्मत नहीं हारी।
उसने चुपके से अपने मामा सचिन जाटव को फोन कर पूरी घटना बता दी। बेटी ने बताया कि रविवार रात उसकी मां मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं। इसी दौरान पिता घर आए और शक करने लगे। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में पिता ने मां को जमीन पर पटककर उनकी छाती पर पैर रखा और गला घोंट दिया।
बेटी के इस बयान और महिला के शरीर पर मिले चोटों के निशान से मामला हार्ट अटैक के बजाय हत्या का सामने आया। इसके बाद आरोपी खुद को घिरता देख गांव से फरार हो गया।
परिजन शव लेकर पहुंचे मुरार थाना, पोस्टमार्टम कराया जाएगा
भिंड में दिनभर चले हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर रिंकी के परिजन सोमवार देर रात उसका शव कार से ग्वालियर लेकर पहुंचे। वे शव को लेकर मुरार थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को डेड हाउस में रखवा दिया है। मंगलवार को फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
मुरार थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली के मुताबिक, खुरैरी इलाके में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की है। इसके बाद वह शव को भिंड ले गया और हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही। मृतका की नाबालिग बेटी ने घटना का खुलासा किया है। पुलिस चश्मदीद बच्चों और अन्य परिजनों के बयान लेकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी SSB जवान की तलाश की जा रही है।



