धनतेरस से पहले सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट, इस बार बिक्री 12% तक बढ़ने का अनुमान

धनतेरस से ठीक पहले सोने की कीमतों में आई गिरावट ने ज्वेलरी बाजार में रौनक बढ़ा दी है। पिछले एक महीने में सोने के दाम 7 फीसदी से ज्यादा कम हुए हैं। इससे महंगे भाव के कारण खरीदारी टाल रहे ग्राहक अब फिर से ज्वेलरी शोरूम पहुंचने लगे हैं। बाजार के जानकारों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस पर सोने की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 10 से 12 फीसदी तक बढ़ सकती है। धनतेरस 6 नवंबर को मनाया जाएगा।
ऑल टाइम हाई से 43 हजार रुपये तक सस्ता हुआ सोना
मुंबई के सर्राफा बाजार में सोमवार को 10 ग्राम सोने की कीमत घटकर करीब 1.37 लाख रुपये रह गई। एक महीने पहले यही भाव लगभग 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, 29 जनवरी को सोने ने 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। इस लिहाज से सोना अपने उच्चतम स्तर से करीब 43 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, कीमतों में गिरावट के कारण इस धनतेरस पर सोने की बिक्री में 10 से 12 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है।
शादी के सीजन के लिए भी बढ़ी एडवांस बुकिंग
सोने के दाम घटने से त्योहारी खरीदारी के साथ ही आगामी शादी के सीजन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। जिन परिवारों ने कीमतें बढ़ने के कारण गहनों की खरीदारी रोक दी थी, वे अब एडवांस ऑर्डर दे रहे हैं। सोने के गहनों के अलावा चांदी के सिक्कों की मांग में भी तेजी आई है।
ज्वेलरी कारोबारियों के मुताबिक, पिछले वीकेंड पर शोरूम में ग्राहकों की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। कीमतों में नरमी से उन लोगों को राहत मिली है, जो लंबे समय से सोना-चांदी खरीदने के लिए सही भाव का इंतजार कर रहे थे।
18 कैरेट और हल्के गहनों की बढ़ी मांग
सोने के भाव अब भी पुराने स्तरों की तुलना में काफी ऊंचे हैं। ऐसे में ग्राहक अपने बजट को ध्यान में रखते हुए हल्के वजन के गहने और कम कैरेट वाले सोने को प्राथमिकता दे रहे हैं। 18 कैरेट के गहनों की मांग भी बढ़ रही है। इससे ग्राहक कम कीमत में पारंपरिक डिजाइन के आभूषण खरीद पा रहे हैं।
ज्वेलरी कारोबारियों का कहना है कि कीमतों में कमी आने से ग्राहक अपने तय बजट में पहले के मुकाबले भारी गहने या बेहतर डिजाइन चुन पा रहे हैं।
गहनों के डिजाइन पर ज्यादा ध्यान दे रहे ग्राहक
इस बार त्योहारों के सीजन में ग्राहकों की पसंद में भी बदलाव नजर आ रहा है। अब लोग केवल सोने की कीमत या वजन ही नहीं, बल्कि गहनों के डिजाइन को भी अधिक महत्व दे रहे हैं। रोजाना पहनने वाले हल्के डायमंड ज्वेलरी पीस, जड़ाऊ गहने और सॉलिटेयर की मांग बढ़ी है।
कीमतों में गिरावट से ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है। वहीं, ज्वेलर्स को भी धनतेरस पर बाजार में अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।



