खनिज और रेत कारोबार को लेकर कांग्रेस का आरोप, कई जिलों की घटनाएं गिनाईं
कानून-व्यवस्था पर विपक्ष का प्रहार, रेत कारोबार को लेकर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेत कारोबार और उससे जुड़े विवादों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस(Congress) कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि अवैध रेत कारोबार के कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में हिंसक घटनाएं बढ़ रही हैं।
हिंसक रूप ले रहा है रेत कारोबार का विवाद:दीपक बैज
रायपुर में जारी बयान में कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हाल के दिनों में कोरिया जिले समेत कई क्षेत्रों में हुई घटनाओं ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत कारोबार को लेकर विवाद लगातार हिंसक रूप ले रहे हैं और इसका असर आम लोगों की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है।
बैज ने दावा किया कि जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर और रायगढ़ सहित कई जिलों में खनिज एवं रेत कारोबार से जुड़े विवादों के दौरान गोलीबारी, मारपीट और अन्य गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
अवैध खनन को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे:पीसीसी अध्यक्ष
कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध खनन और रेत परिवहन को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, लगातार सामने आ रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि खनिज संसाधनों से जुड़े अवैध कारोबार पर प्रशासन का नियंत्रण कमजोर पड़ा है।
दीपक बैज ने राज्य सरकार से अवैध रेत उत्खनन और उससे जुड़े आपराधिक मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

