गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध गिरफ्तार

गुजरात। गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ता (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, सभी आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके संदिग्ध आतंकियों के संपर्क में थे और उनके जरिए संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी। फिलहाल सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क. राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है। एटीएस के मुताबिक, इनका संबंध पिछले महीने देश के अलग-अलग हिस्सों से पकड़े गए आठ संदिग्ध आतंकियों से जुड़ा हुआ है।
एटीएस (ATS) के पुलिस उपाधीक्षक हर्ष उपाध्याय ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए डिजिटल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इन पांचों को हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि जैश-ए-मोहम्मद गुजरात में अपना नेटवर्क मजबूत करने और स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा था।
जांच एजेंसियों का मानना है कि संगठन उत्तर गुजरात के कुछ युवाओं को अपने प्रभाव में लेकर आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की योजना बना रहा था। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल किसी बड़े हमले की साजिश की पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित कड़ियों की तलाश की जा रही है।
गुजरात (ATS) पहले भी आतंकी संगठनों के निशाने पर रहा है। ऐसे में एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां राज्य में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से आतंकी नेटवर्क की एक अहम कड़ी को तोड़ने में सफलता मिली है और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

