
सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। लखनपुर थाना क्षेत्र के बिनिया गांव में खेत में धान की रोपाई के दौरान 7 साल की बच्ची की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
खेत में रोपाई के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बिनिया गांव में मौसम अचानक बदल गया। तेज बादल छाने के साथ बारिश शुरू हुई और इसी दौरान खेत में काम कर रहे लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय 7 वर्षीय प्रीति ठाकुर अपनी मां और परिजनों के साथ धान की रोपाई कर रही थी। बिजली गिरते ही तीन लोग उसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घायलों को लेकर आरगोती स्थित संगवारी अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रीति ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गांव में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच
मासूम बच्ची की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बरसात में सतर्क रहें, मौसम विभाग की भी चेतावनी
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में मौसम खराब होने पर खेत, खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

