अधिवक्ता संघ चुनाव में अनुराग बाजपेयी की जीत: 75% मतदान, विवेक पांडेय सचिव और श्वेता शास्त्री बनीं कोषाध्यक्ष

बिलासपुर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अनुराग बाजपेयी (Anurag Bajpai) ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर नया नेतृत्व संभाल लिया है। चुनाव में 2446 मतदाताओं में से 1836 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। करीब 75% मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव से लगभग 5% ज्यादा है। शनिवार को मतदान के बाद रविवार को मतगणना कर सभी पदों के परिणाम घोषित किए गए।
इस चुनाव में 8 प्रमुख पदों और 14 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए कुल 49 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई। परिणाम घोषित होते ही संघ परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जश्न मनाया और उनका माला पहनाकर स्वागत किया।
चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर अनुराग बाजपेयी (Anurag Bajpai) , उपाध्यक्ष पद पर धनंजय सिंह, सचिव पद पर विवेक पांडेय और कोषाध्यक्ष पद पर श्वेता शास्त्री विजयी रहीं। इसके अलावा राधा रजक कनिष्ठ महिला उपाध्यक्ष, शंकर चतुर्वेदानी सह-सचिव, मनोज सिंह ठाकुर ग्रंथालय सचिव और सचिन दिग्सकर क्रीड़ा सचिव चुने गए।
मतगणना के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम (Anurag Bajpai) किए गए थे। पूरी प्रक्रिया अनुशासित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।
जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संघ के सदस्यों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। साथ ही अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, लंबित मुद्दों के समाधान और संघ को मजबूत व संगठित बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

