International

पानी संकट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, टॉयलेट और रेस्टोरेंट बंद होने से यात्री परेशान

लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर रविवार को पानी की आपूर्ति बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण पूरे एयरपोर्ट में जल संकट पैदा हो गया, जिससे दोनों टर्मिनलों के टॉयलेट, रेस्टोरेंट और बार अस्थायी रूप से बंद करने पड़े। एयरपोर्ट प्रशासन ने इस असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी है और जल्द से जल्द सेवाएं बहाल करने का भरोसा दिया है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय जल आपूर्ति कंपनी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली गुल होने से पानी का दबाव अचानक कम हो गया। इसका असर केंट और ससेक्स के कई इलाकों के साथ-साथ गैटविक एयरपोर्ट पर भी पड़ा। पानी की आपूर्ति रुकने के कारण यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी इंतजार करना पड़ा।

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि स्थिति को सामान्य करने के लिए स्थानीय जल कंपनी के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को जानकारी देते हुए कहा कि दोनों टर्मिनलों में फिलहाल पानी की आपूर्ति उपलब्ध नहीं है। कर्मचारियों को यात्रियों की सहायता के लिए तैनात किया गया है और जरूरतमंद लोगों को बोतलबंद पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। कुछ रेस्टोरेंट संचालकों ने अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था भी की है ताकि यात्रियों को असुविधा कम हो।

हालांकि कई यात्रियों ने प्रशासन के दावों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि उन्हें पहले से किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई और एयरपोर्ट पर पर्याप्त मात्रा में पानी की बोतलें भी उपलब्ध नहीं थीं। यात्रियों के अनुसार, टॉयलेट बंद होने और खानपान की सुविधाएं प्रभावित होने से लंबे समय तक उड़ान का इंतजार कर रहे लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई।

पूर्व सांसद माइकल डुगर ने भी इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि रेस्टोरेंट और बार बंद होने से यात्रियों के पास बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं रही और कई लोग फर्श पर बैठने को मजबूर हो गए। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से बंद पड़े रेस्टोरेंट और बार को अस्थायी रूप से खोलने की अपील की ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि जल आपूर्ति बहाल करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार काम किया जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही सभी सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button