कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद पाकिस्तान को झटका, टीम होटल से लापता हुआ मुक्केबाज कुदरतुल्लाह

कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद पाकिस्तान को झटका, टीम होटल से लापता हुआ मुक्केबाज कुदरतुल्लाह
ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के समापन के बाद पाकिस्तान एक बार फिर विवादों में घिर गया है। पाकिस्तानी मुक्केबाज कुदरतुल्लाह टीम होटल से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। बताया जा रहा है कि वह सुरक्षा व्यवस्था और टीम मैनेजमेंट को चकमा देकर फरार हो गए।
पाकिस्तान ओलंपिक एसोसिएशन (POA) से जुड़े सूत्रों के अनुसार, कुदरतुल्लाह अपना मुकाबला खेलने के बाद भी टीम के साथ ग्लासगो में रुके हुए थे। उन्हें रविवार तड़के करीब 2 बजे होटल के कमरे में आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद सुबह जब पूरी टीम रवाना होने की तैयारी कर रही थी, तब वह होटल में नहीं मिले। मामले की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
सबसे हैरानी की बात यह है कि कुदरतुल्लाह का पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास जमा था। इसके बावजूद वह होटल छोड़कर गायब होने में सफल रहे। टीम को स्कॉटलैंड से रवाना होने से करीब छह घंटे पहले उनके लापता होने की जानकारी मिली।
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी विदेशों में लापता हो चुके हैं। 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान मुक्केबाज सुलेमान बलोच और नजीरुल्लाह खान भी टीम से अलग होकर गायब हो गए थे। वहीं 2024 के वर्ल्ड ओलंपिक क्वालीफायर में एशियाई स्वर्ण पदक विजेता जोहैब रशीद पर साथी खिलाड़ी का सामान और विदेशी मुद्रा लेकर फरार होने का आरोप लगा था।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। 36 खिलाड़ियों और अधिकारियों के दल को पूरे टूर्नामेंट में केवल एक कांस्य पदक मिला, जिसे महिला मुक्केबाज फातिमा जहरा ने जीता।

