अर्टिगा कार से 11.98 लाख रुपए की संदिग्ध नगदी बरामद: दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक, कार और 2 मोबाइल भी जब्त

महासमुंद। महासमुंद जिले में अवैध नगदी (cash) के खिलाफ चल रही चेकिंग कार्रवाई के दौरान बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पदमपुर रोड पर एक अर्टिगा कार की तलाशी के दौरान 11 लाख 98 हजार 300 रुपए की संदिग्ध नगदी बरामद की।
इतनी बड़ी रकम के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नगदी के साथ कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त की रात पदमपुर रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने अर्टिगा कार क्रमांक OD 03 Q 8419 को रोककर तलाशी(cash) ली। कार में ओडिशा निवासी 32 वर्षीय करूणा नाईक सवार था।
तलाशी के दौरान कार के अंदर रखे एक थैले से 11 लाख 98 हजार 300 रुपए नकद (cash) मिले। पुलिस ने रकम के संबंध में चालक से पूछताछ की और उससे दस्तावेज मांगे। हालांकि, वह नगदी के स्रोत और उसके वैध होने से संबंधित जरूरी कागजात पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने नगदी को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया। पुलिस ने करीब 8 लाख रुपए कीमत की अर्टिगा कार और दो मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस के अनुसार पूरी कार्रवाई में कुल 20 लाख 8 हजार 300 रुपए की जब्ती हुई है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। रकम के स्रोत और इस्तेमाल से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
मामले में संबंधित व्यक्ति को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



