Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा को झटका, पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में चल रहे भाजपा के ‘सेवा, संकल्प’ अभियान के बीच पार्टी को झटका लगा है। पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सामूहिक हस्ताक्षरित त्यागपत्र सौंप दिया है। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर पार्टी में हलचल बढ़ गई है।

इस्तीफा देने वालों में वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद बलराम, वार्ड 14 के पार्षद शौकीलाल चौहान, वार्ड 11 के पार्षद रूपेश कुमार साव, वार्ड 1 के पार्षद प्रदीप यादव, वार्ड 2 के पार्षद फागूलाल प्रधान, वार्ड 3 की पार्षद मंजू पटेल, वार्ड 7 के पार्षद वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव शामिल हैं।

विकास कार्य नहीं होने का लगाया आरोप

पार्षदों ने अपने त्यागपत्र में स्थानीय स्तर पर समस्याओं का जिक्र किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से किए जा रहे कथित उत्पीड़न के साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति से वे परेशान हैं।

पार्षदों का कहना है कि उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क, नाली और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने पार्षद निधि से संबंधित कार्यों के भी नहीं होने की बात कही है।

पार्षदों ने इन्हीं समस्याओं का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा देना उचित बताया है। फिलहाल 8 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के बाद स्थानीय भाजपा संगठन में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button