विवेक ओबेरॉय ने पूरी की अपनी बात, ‘रामायण’ की फीस से 50 बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी

अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने फिल्म ‘रामायण’ से जुड़ा अपना वादा पूरा करते हुए अपनी पूरी फीस कैंसर से जूझ रहे जरूरतमंद बच्चों के इलाज के लिए दान कर दी है। उन्होंने 50 बच्चों के उपचार की जिम्मेदारी भी ली है। अभिनेता ने यह पहल कैंसर रोज डे और अपने 50वें जन्मदिन के मौके पर की।
फिल्म साइन करते समय लिया था फीस दान करने का फैसला
विवेक ओबेरॉय ने अक्टूबर 2025 में बताया था कि उन्होंने ‘रामायण’ में काम करने के बदले फीस लेने के बजाय उसे कैंसर से जूझ रहे बच्चों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। उन्होंने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा से भी इस संबंध में बात की थी और कहा था कि वह अपनी फीस सामाजिक कार्य में लगाना चाहते हैं।
फिल्म में विवेक ओबेरॉय विद्युत्जिह्व का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर में उनकी झलक सामने आने के बाद उनके लुक और भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई थी।
50 बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी ली
करीब एक साल बाद अभिनेता ने अपने उस वादे को पूरा किया। उन्होंने ‘रामायण’ से मिली पूरी फीस जरूरतमंद बच्चों के कैंसर उपचार के लिए दान कर दी और 50 बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी ली। इस पहल के जरिए उन्होंने कैंसर से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाने की कोशिश की है।
लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं अभिनेता
विवेक ओबेरॉय लंबे समय से कैंसर पीड़ितों की मदद और अन्य सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर भी सराहना की जा रही है। प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने उनके इस प्रयास को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।



