अली खामेनेई का अंतिम संस्कार 9 जुलाई को, मौत के चार महीने बाद मशहद में होंगे सुपुर्द-ए-खाक

ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर अली खामेनेई का अंतिम संस्कार 4 जुलाई से शुरू होगा और 9 जुलाई को उनके गृहनगर मशहद में दफनाए जाने के साथ संपन्न होगा। खामेनेई की फरवरी में हुई मौत के चार महीने बाद यह अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, खामेनेई की मौत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमलों के दौरान हुई थी। उनकी मृत्यु के बाद ईरान में नेतृत्व परिवर्तन और सुरक्षा परिस्थितियों के चलते अंतिम संस्कार कार्यक्रम को कई बार टालना पड़ा।
तेहरान प्रशासन के अनुसार, अंतिम संस्कार समारोह की शुरुआत 4 जुलाई को राजधानी तेहरान से होगी, जहां तीन दिनों तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 7 जुलाई को पवित्र शहर कोम में विशेष कार्यक्रम होगा और अंततः 9 जुलाई को मशहद में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
ईरान ने पहले मुहर्रम की शुरुआत में अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया ताकि लोग इमाम हुसैन की शहादत से जुड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।
अधिकारियों का अनुमान है कि अंतिम संस्कार कार्यक्रम में लाखों लोग शामिल हो सकते हैं। तेहरान प्रशासन ने पहले दावा किया था कि करीब 2 करोड़ लोगों के जुटने की संभावना है।
खामेनेई के दफन कार्यक्रम में देरी को लेकर पिछले कई महीनों से अटकलें लगाई जा रही थीं। सुरक्षा चिंताओं, क्षेत्रीय तनाव और सत्ता हस्तांतरण से जुड़े मुद्दों को इस देरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

