Chhattisgarh

पीएम आवास योजना पर दीपक बैज का पलटवार, कहा- भाजपा सरकार झूठे दावे कर रही है

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। यह बयान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लिखे गए पत्र के बाद आया है, जिसमें राज्य में स्वीकृत 18 लाख आवासों में से 10.60 लाख आवासों के निर्माण पूरा होने का दावा किया गया है।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार में आपसी सामंजस्य की कमी है और पत्र में किए गए दावे वास्तविकता से परे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी आज भी दर-दर भटक रहे हैं। बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में हितग्राहियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी, जबकि भाजपा केवल प्रचार करने में माहिर है।

शराब की ओवररेटिंग पर भी साधा निशाना

शराब की अधिक कीमत वसूली के मुद्दे पर बैज ने कहा कि केवल छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई कर खानापूर्ति की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि ओवररेटिंग से मिलने वाला पैसा आखिर किसके पास जा रहा था और किसे इसका लाभ मिल रहा है।

बैज ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि कथित अवैध वसूली का पैसा किन लोगों तक पहुंच रहा था।

आदिवासी मुद्दों पर कांग्रेस बनाएगी रणनीति

आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक को लेकर बैज ने कहा कि प्रदेशभर के आदिवासी नेता इसमें शामिल होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों को छीनने का काम कर रही है तथा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

बैज के अनुसार, बैठक में आदिवासी समाज के हितों की रक्षा और उनसे जुड़े मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button