रायपुर में फिर झमाझम बारिश: जयस्तंभ चौक से VIP रोड तक जलभराव, घुटनों तक भरा पानी; 5.5 डिग्री गिरा तापमान

रायपुर। राजधानी में रविवार को मानसून (rain) एक बार फिर सक्रिय हुआ। दिनभर घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की से मूसलाधार बारिश होती रही। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था की एक बार फिर पोल खुल गई। जयस्तंभ चौक, वीआईपी रोड, आकाशवाणी चौक, कुशालपुर और प्रोफेसर कॉलोनी समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई तेज बारिश (rain) के बाद जयस्तंभ चौक की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कई वाहन पानी में आधे डूब गए। सड़क किनारे स्थित दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ी। एयरपोर्ट को जोड़ने वाली वीआईपी रोड पर भी जल निकासी बाधित होने से सड़क के बड़े हिस्से में पानी भर गया। पानी के तेज बहाव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार थम गई। आकाशवाणी चौक की निचली बस्तियों और कुशालपुर में भी जलभराव रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, माना एयरपोर्ट केंद्र पर सुबह 8:30 बजे तक 15.8 मिमी और शाम 5:30 बजे तक 17.1 मिमी बारिश (rain) दर्ज हुई। बारिश के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम होकर 25 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह आर्द्रता 96 और शाम को 98 प्रतिशत रही।
अगले 4-5 दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। मानसून द्रोणिका के प्रभाव से अगले 4-5 दिनों में रायपुर समेत प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।



