SportsNational

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन: जूडो में अस्मिता-हर्ष ने 15 मिनट में जीते 2 गोल्ड, नीरज को सिल्वर और यशवीर को ब्रॉन्ज

दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (Commonwealth Games) में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को भारत ने एक ही दिन में 6 मेडल अपने नाम किए। इनमें 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। जूडो में अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने इतिहास रचते हुए भारत को दो गोल्ड मेडल दिलाए। वहीं, स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने सिल्वर और यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया।

अस्मिता डे ने दिलाया गोल्ड मेडल

जूडो में अस्मिता डे ने गेम्स (Commonwealth Games) के इतिहास में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। त्रिपुरा की 23 वर्षीय अस्मिता ने महिला वर्ग के फाइनल में कनाडा की हेइडी क्वाच को हराया। मुकाबले की शुरुआत में पिछड़ने के बाद अस्मिता ने शानदार वापसी की और गोल्डन स्कोर में निर्णायक अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इसके करीब 15 मिनट बाद हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड जीतकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया। हर्ष ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज को वाजा-अरी के जरिए 10-0 से हराया। वहीं, यामिनी मौर्य ने महिला 57 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल जीता।

नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल जीता

एथलेटिक्स में नीरज चोपड़ा ने पुरुष जैवलिन थ्रो में 85.83 मीटर का थ्रो कर सिल्वर मेडल जीता। भारत के यशवीर सिंह ने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 85.41 मीटर थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। श्रीलंका के रुमेश पथिराजे ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड जीता।

इसके अलावा तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स में इस इवेंट में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने।

23 मेडल मिल चुके भारत को

भारत ने अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) में 5 गोल्ड, 12 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज समेत कुल 23 मेडल जीत लिए हैं और मेडल टैली में 10वें स्थान पर है। बॉक्सिंग में भी भारत के 10 खिलाड़ी फाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे आने वाले दिनों में पदकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button