आधी रात सलमान खान ने संजय दत्त को लगाया गले, हुए इमोशनल; बोले- अल्लाह-भगवान इन्हें खुश रखे

मुंबई। बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान (Salman Khan) और संजय दत्त की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। दोनों सितारों के बीच का खास रिश्ता एक बार फिर सोशल मीडिया पर देखने को मिला। सलमान खान ने शुक्रवार देर रात संजय दत्त के साथ एक तस्वीर शेयर की, जिसमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ सलमान ने संजय दत्त को अपना बड़ा भाई बताते हुए भावुक संदेश लिखा।
सोशल मीडिया में शेयर की तस्वीर
सलमान खान (Salman Khan) ने इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीर में संजय दत्त के लिए प्यार जाहिर करते हुए लिखा, “बाबा फॉरेवर बाबा और बाबा, बाबा होता है। संजू बाबा है हम सबके बाबा और अब अपने बच्चों का बाबा। मेरा बड़ा भाई संजय दत्त। अल्लाह, भगवान, जीसस सब इस आदमी को खुश रखे। आई लव यू बाबा।”
तस्वीर में सलमान और संजय दत्त दोनों ब्लैक आउटफिट में नजर आ रहे हैं। दोनों की बॉन्डिंग देखकर फैन्स भी भावुक हो गए। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दोनों की दोस्ती की जमकर तारीफ की। कई फैन्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि बॉलीवुड के दो दिग्गज एक फ्रेम में हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इस दोस्ती को हमेशा कायम रहने की दुआ दी।
दोनों की दोस्ती इंडस्ट्री में चर्चित
संजय दत्त भी कई मौकों पर सलमान खान (Salman Khan) के साथ अपनी नजदीकी और दोस्ती का जिक्र कर चुके हैं। दोनों कलाकारों की दोस्ती फिल्म इंडस्ट्री में काफी चर्चित है। सलमान और संजय दत्त ने कई फिल्मों में साथ काम किया है, जिनमें “चल मेरे भाई” और “साजन” जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
सलमान खान की यह पोस्ट एक बार फिर साबित करती है कि फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के बीच भी पुराने रिश्ते और दोस्ती उनके लिए बेहद खास हैं।

