RAF जवानों पर रील बनाकर विवादों में फंसी इंफ्लुएंसर, माफी के बाद भी नहीं थम रहा बवाल

नई दिल्ली- दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर श्रद्धा सिंह की एक रील ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। प्रदर्शन के दौरान वहां रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान तैनात थे। इसी बीच श्रद्धा ने एक ट्रेंडिंग ऑडियो पर रील बनाई, जिसमें वह RAF के जवानों की तरफ इशारा करते हुए एक्टिंग करती नजर आईं।
रील सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कई लोगों ने इसे जवानों का मजाक उड़ाने वाला बताया। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और श्रद्धा को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जाने लगा।
बढ़ा विवाद, डिलीट करनी पड़ी रील
विवाद बढ़ने के बाद श्रद्धा सिंह ने अपनी रील डिलीट कर दी। इसके बाद उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि उनका किसी जवान या सुरक्षा बल का अपमान करने का इरादा नहीं था। उनका दावा है कि उन्होंने वीडियो अपलोड करने के करीब एक घंटे के अंदर ही हटा दिया था।
श्रद्धा ने यह भी कहा कि कुछ मीम पेज इस मामले को लगातार शेयर कर रहे हैं, जिससे विवाद और बढ़ गया है। उनका कहना है कि उन्हें लगातार गालियां, धमकियां और अभद्र संदेश मिल रहे हैं।
हाथ जोड़कर मांगी माफी
श्रद्धा सिंह ने दो अलग-अलग वीडियो जारी कर RAF के जवानों और लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका अफसोस है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनकी गलती को यहीं खत्म किया जाए और उन्हें लगातार निशाना न बनाया जाए।
सोशल मीडिया पर बंटी राय
यह मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर द्वारा वीडियो शेयर किए जाने के बाद और ज्यादा चर्चा में आ गया। इसके बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी दो हिस्सों में बंट गईं।
कुछ यूजर्स का कहना है कि सुरक्षा बलों की वर्दी और जवानों का सम्मान सबसे ऊपर है, इसलिए ऐसी रील नहीं बनानी चाहिए। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि जब श्रद्धा ने तुरंत वीडियो हटा दिया और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली, तो विवाद को इतना आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि श्रद्धा की ओर से माफी मांगे जाने के बाद भी उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

