चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश में एरिया मैनेजर की मौत, दुर्ग स्टेशन हादसे का CCTV आया सामने

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह हादसा एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की लापरवाही को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास रेलवे का मासिक पास था और वे नियमित रूप से ट्रेन से रायपुर आना-जाना करते थे। सुबह प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन खड़ी थी, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस कुछ देर रुकने के बाद रवाना होने लगी।
बताया जा रहा है कि संदीप कुमार सिन्हा ने लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा करने का निर्णय लिया और चलती ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद लैपटॉप बैग फिसल गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। ट्रेन के गेट पर लगी रॉड से पकड़ छूटने के बाद उनका पैर फिसला और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर गए।
हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर कट गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें तत्काल ट्रैक से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुआ।
घटना के दो दिन बाद इसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में संदीप कुमार सिन्हा को चलती ट्रेन पकड़ने का प्रयास करते और फिर संतुलन खोकर ट्रैक पर गिरते देखा जा सकता है। इसके बाद रेलवे एक बार फिर यात्रियों से अपील कर रहा है कि किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि कुछ सेकंड बचाने की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है।
रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटनावश हुई मौत माना गया है, जबकि अधिकारियों ने यात्रियों से रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

