Chhattisgarh

होर्मुज स्ट्रेट में LPG टैंकर पर मिसाइल हमला, 28 भारतीय नाविक सुरक्षित; ब्लैक सी में हमले में भारतीय नागरिक की मौत

होर्मुज स्ट्रेट में एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हमले के समय मोजाम्बिक के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘दिशा’ पर 28 भारतीय नाविक सवार थे। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया के अनुसार, टैंकर पर उस समय अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ, जब वह फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था। हालांकि हमले के लिए ईरान पर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल इस क्षेत्र में किसी भी तरह की अस्थिरता का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और व्यापार पर पड़ सकता है।

इस बीच ब्लैक सी से भी एक दुखद खबर सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि ब्लैक सी से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। मंत्रालय के अनुसार, 18 जुलाई को कमर्शियल जहाज MV OMORFI पर हमला हुआ था। उस समय जहाज पर कुल 10 चालक दल के सदस्य मौजूद थे, जिनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों और परिजनों के संपर्क में रहकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दोनों घटनाओं के बाद भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात कही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button