प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा कल, रायपुर के 52 केंद्रों पर 16,987 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा प्रयोगशाला परिचारक (PSLA-26) भर्ती परीक्षा का आयोजन 26 जुलाई को रायपुर जिले के 52 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए कुल 16,987 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को नोडल अधिकारी तथा विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण 26 जुलाई की सुबह जिला कोषालय स्थित वितरण केंद्र से किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बिना जांच के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश न दिया जाए।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, अपने प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लाने तथा परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

