Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhSarguja

सूरजपुर में जमीनी रंजिश ने ली जान: पार्टी से युवक का अपहरण

बेरहमी से पीटकर सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत

अंबिकापुर/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीनी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम गोंदा निवासी 36 वर्षीय हरिनंदन राजवाड़े का कथित तौर पर बीच पार्टी से अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि करीब 10 से 15 युवकों ने उसे जबरन वाहन में बैठाया, सुनसान जगह ले जाकर डंडों और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा और बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई।

बीच पार्टी से उठाकर ले गए आरोपी

जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की दोपहर हरिनंदन राजवाड़े अपने दो दोस्तों तुषार और राहुल के साथ अंबिकापुर से गांव लौटे थे। इसके बाद वे गांव के ही राजेंद्र प्रसाद के घर पहुंचे, जहां चारों शराब पार्टी कर रहे थे।

इसी दौरान गांव के ललित को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि वह 10-15 युवकों के साथ मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हरिनंदन को जबरन खींचकर चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गया।

घंटों तलाश के बाद सड़क किनारे मिला घायल

घटना की जानकारी मिलने पर राजेंद्र ने हरिनंदन के बड़े भाई बमभोला को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में निकल पड़े।

काफी खोजबीन के बाद हरिनंदन भैंसामुंडा से लगे ग्राम केवरा चौक के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे और खून बह रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने डंडों और अन्य वस्तुओं से उसकी बेरहमी से पिटाई की थी।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गया युवक

गंभीर हालत में परिजन हरिनंदन को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। देर रात करीब 2 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

15 दिन पुराने जमीन विवाद ने ली जान?

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक हरिनंदन और गांव के ही ललित के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब 15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को जैसे ही ललित को हरिनंदन के पार्टी में होने की जानकारी मिली, वह अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर अपहरण कर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और पूरे घटनाक्रम को संबंधित थाने को भेज दिया गया है। पुलिस जमीन विवाद, अपहरण और हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button