Follow Us on Our Social Media
National

टीएमसी ने दो विधायकों पर की बड़ी कार्रवाई, संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी पार्टी से निष्कासित

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने दल विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में अपने दो विधायकों, संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। पार्टी के इस फैसले से पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

टीएमसी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि दोनों विधायक पार्टी नेतृत्व द्वारा बुलाई गई बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहे और संगठनात्मक अनुशासन का पालन नहीं कर रहे थे। पार्टी ने उन पर ऐसे बयान देने और गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप लगाया है, जो संगठन के हितों के खिलाफ माने गए।

पार्टी ने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को भी पत्र भेज दिया है। हालांकि निष्कासन के बाद भी संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी विधानसभा के सदस्य बने रहेंगे, लेकिन अब उनकी पहचान टीएमसी विधायक के रूप में नहीं होगी।

बैठकों से दूरी बनी कार्रवाई की वजह

टीएमसी के अनुसार, दोनों नेता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी के निर्देशों और बैठकों से दूरी बना ली। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

समीक्षा के बाद लिया गया फैसला

पार्टी ने कहा कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा पूरे मामले की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। निष्कासन के साथ ही दोनों नेताओं के सभी पार्टी पद, अधिकार और विशेषाधिकार समाप्त हो गए हैं।

अभी तक नहीं आई प्रतिक्रिया

टीएमसी के इस बड़े फैसले के बाद संदीपन साहा और ऋतब्रत बनर्जी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

 

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button