UCC पर बड़ी बैठक, विवाह-तलाक से लिव-इन तक नियमों पर मंथन; अक्टूबर-नवंबर में सरकार को रिपोर्ट संभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर समिति की राज्य स्तरीय बैठक में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर चर्चा जारी है। न्यू सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में प्रदेश की सामाजिक परिस्थितियों और विशेष प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए UCC के संभावित प्रारूप पर मंथन किया जा रहा है।
समिति के सदस्य और पूर्व IAS शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि UCC को लेकर समिति लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अपनी सामाजिक और भौगोलिक विशेषताएं हैं, इसलिए इन्हें ध्यान में रखते हुए कानून के प्रावधानों पर विचार किया जा रहा है।
5वीं अनुसूची वाले क्षेत्रों पर भी चर्चा
बैठक में संविधान की 5वीं अनुसूची के क्षेत्रों को लेकर भी विशेष चर्चा की जा रही है। समिति इन क्षेत्रों की परिस्थितियों और वहां लागू होने वाले संभावित कानूनी प्रावधानों पर सुझावों का अध्ययन कर रही है।
शत्रुघ्न सिंह के मुताबिक, बैठक में प्राप्त सुझावों और विचार-विमर्श के आधार पर समिति UCC का प्रारूप तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
अक्टूबर के आखिरी या नवंबर में रिपोर्ट
समिति की कोशिश है कि समान नागरिक संहिता से संबंधित रिपोर्ट अक्टूबर के आखिरी सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में राज्य सरकार को सौंप दी जाए। रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य सरकार आगे की प्रक्रिया और टाइमलाइन तय करेगी।
फिलहाल समिति की बैठकों में अलग-अलग सामाजिक और कानूनी पहलुओं पर चर्चा का दौर जारी है।



