92 करोड़ के घाटे के बाद भी अर्बन कंपनी के शेयरों में 17% की जोरदार उछाल, जानिए वजह

नई दिल्ली। अर्बन कंपनी को अप्रैल-जून 2026 तिमाही में 92.12 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। इसके बावजूद सोमवार को कंपनी के शेयरों में करीब 17 फीसदी की तेज बढ़त दर्ज की गई और शेयर 152 रुपये के पार पहुंच गया।
दरअसल, निवेशकों का भरोसा कंपनी के भविष्य को लेकर बढ़ा है। पिछली तिमाही में कंपनी का घाटा 161 करोड़ रुपये से अधिक था, जबकि इस तिमाही में नुकसान घटकर 92 करोड़ रुपये रह गया। वहीं, कंपनी की आय भी सालाना आधार पर 44 फीसदी बढ़कर 528 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई।
शेयर में तेजी की सबसे बड़ी वजह ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट रही। फर्म ने अर्बन कंपनी के शेयर को ‘डबल अपग्रेड’ दिया और इसका लक्ष्य मूल्य 128 रुपये से बढ़ाकर 165 रुपये कर दिया। इसके बाद निवेशकों ने शेयर में जमकर खरीदारी की।
कंपनी का कहना है कि फिलहाल उसका लक्ष्य सिर्फ मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाना है। इसी रणनीति के तहत कंपनी अपनी नई सेवा InstaHelp का तेजी से विस्तार कर रही है, जिसके जरिए 10 से 15 मिनट में घरेलू सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इस सेवा पर रोजाना 1 लाख से अधिक ऑर्डर पूरे किए जा रहे हैं।
अर्बन कंपनी सितंबर 2025 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई थी। हाल के दिनों में शेयर में गिरावट देखने को मिली थी, लेकिन सोमवार की तेज बढ़त ने निवेशकों का भरोसा फिर से मजबूत कर दिया।

