National

Weather Update: देश के 12 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर से दक्षिण तक सक्रिय रहेगा मानसून

दिल्ली। देशभर में मानसून (Weather Update) एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार, 23 जुलाई के लिए उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात, छत्तीसगढ़ और जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में सतर्क रहने की अपील

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश (Weather Update)  के चलते भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं हरियाणा और पंजाब में भी अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने के संकेत हैं।

छत्तीसगढ़ के कई जिलाें में बारिश की संभावना

छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही वर्षा से खरीफ फसलों (Weather Update)  को लाभ मिलने की उम्मीद है, हालांकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button