10 किलो का कमर्शियल LPG सिलेंडर लाने की तैयारी, छोटे कारोबारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगी राहत

नई दिल्ली। सरकारी तेल विपणन कंपनियां जल्द ही व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 10 किलोग्राम का हल्का एलपीजी सिलेंडर बाजार में उतार सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य छोटे कारोबारियों, स्ट्रीट वेंडर्स, कैफे संचालकों, किराएदारों, छात्रों और प्रवासी मजदूरों को सुविधाजनक और कम जगह घेरने वाला विकल्प उपलब्ध कराना है।
कमर्शियल उपयोग के लिए नई तैयारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हाई-डेंसिटी पॉलीइथिलीन (HDPE) से बने 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही हैं। इन्हें गैस एजेंसियों और चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स के जरिए कमर्शियल एलपीजी दरों पर उपलब्ध कराया जा सकता है।
किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा
यह सिलेंडर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा, जिन्हें एलपीजी की जरूरत तो है, लेकिन 19 किलो के बड़े कमर्शियल सिलेंडर रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इनमें छोटे रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क, स्ट्रीट वेंडर्स, किराएदार, छात्र और प्रवासी मजदूर शामिल हैं।
पहले से उपलब्ध हैं छोटे सिलेंडर
फिलहाल सरकारी तेल कंपनियां 19 किलो, 5 किलो और 2 किलो के कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराती हैं। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए हल्के कंपोजिट सिलेंडर अलग-अलग ब्रांड नामों के तहत सीमित स्तर पर बेचे जा रहे हैं।
स्टील सिलेंडर से आधा वजन
10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में करीब 50 प्रतिशत हल्का होगा। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण बिना अलग गेज के भी अंदर बची हुई गैस की मात्रा देखी जा सकेगी। साथ ही इसे ऊपरी मंजिलों तक ले जाना और इस्तेमाल करना भी आसान होगा।
कीमत पर अभी फैसला बाकी
फिलहाल इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलो घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये, जबकि 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,930 रुपये है। वहीं 5 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 808.50 रुपये है। 10 किलो के नए सिलेंडर की कीमत और लॉन्च की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

