PM आवास पर खुली बहस के बाद सोशल मीडिया वार, भूपेश बघेल बोले- ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर चल रही सियासी बहस अब खुली डिबेट तक पहुंच गई है। रायपुर प्रेस क्लब में आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी CM विजय शर्मा आमने-सामने हुए। दोनों नेताओं के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आंकड़ों को लेकर जमकर बहस हुई।
डिबेट खत्म होने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया वार-पलटवार शुरू हो गया है। दोनों ही दल एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं।
भूपेश बघेल का विजय शर्मा पर तंज
डिबेट के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर डिप्टी CM विजय शर्मा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।”
भूपेश बघेल के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
BJP ने पोस्टर जारी कर किया पलटवार

भाजपा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर कांग्रेस और भूपेश बघेल पर पलटवार किया। भाजपा के एक पोस्टर में लिखा गया, “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”
इसके अलावा भाजपा ने एक और पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा गया, “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”
दोनों नेताओं ने स्वीकार की थी खुली बहस की चुनौती
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भूपेश बघेल और विजय शर्मा के बीच पिछले दिनों से बयानबाजी चल रही थी। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की खुली बहस की चुनौती स्वीकार की थी।
इसके बाद रायपुर प्रेस क्लब में ओपन डिबेट तय की गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोनों नेता प्रेस क्लब पहुंचे और प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर अपने-अपने पक्ष और आंकड़े सामने रखे। डिबेट के दौरान दोनों के बीच आंकड़ों को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।
अब बहस के बाद सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर और बयानों के जरिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव और बढ़ गया है।



